दुर्ग/भिलाई : भिलाई की सड़क पर उस समय हड़कम्प मच गया जब एक व्यक्ति ने तलवार लेकर लोगों को दौड़ाया। खबर के अनुसार भिलाई निगम की एमआईसी सदस्य रीता सिंह गेरा के बेटे मानव चंद्र सिंह ने अपनी पत्नी व ससुराल वालों को तलवार लेकर दौड़ाया। एमआईसी सदस्य की बहू करीब तीन महीनों से अपने मायके ओडिशा में रह रही है। वो अपने तीन साल के बच्चे को लेने के लिए अपने ससुराल पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने उससे मारपीट की और उसके साथ आए उसके मामा, मां और पिता को तलवार लेकर दौड़ाया। उस समय क्षेत्र में अफरा – तफरी का माहौल बन गया था। घटना की शिकायत पर वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी मानव चंद्र सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट, गाली गलौज, मारपीट और धमकाने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
उक्त घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया शिल्पा होरा की शादी करीब चार साल पहले आरोपी मानव चंद्र सिंह से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। लगातार मारपीट और प्रताड़ना से तंग आकर वो तीन महीने पहले अपने मायके झारसुगुड़ा ओडिशा चली गई थी। उस समय उसके ससुराल वालों ने उसके तीन साल के बच्चे को नहीं ले जाने दिया था। उसका बच्चा उसकी सास रीता सिंह गेरा (एमआइसी सदस्य) और ससुर रमेशचंद्र सिंह गेरा के साथ वैशाली नगर में रह रहा था। सोमवार को वो अपने मामा भगत सिंह गुरुदत्ता, पिता राजकुमार होरा और मां प्रीति होरा के साथ अपने बच्चे को लेने के लिए भिलाई आई। वो अपने बच्चे को लेने के लिए लेने के लिए अपने ससुराल पहुंची थी। वो अपने बच्चे का सामान पैक कर रही थी।
इसी दौरान आरोपी मानव चंद्र सिंह वहां पहुंचा और उसने तलवार लेकर उसके मामा, मां और पिता को मारने के लिए दौड़ाया , जिससे पीड़ित महिला डर गई थी। आरोपी ने पीड़िता को भी मारने के लिए दौड़ाया तो वह भागकर घर के भीतर चली गई। उसके बाद आरोपी पीड़िता का गर्दन पकड़कर उसे घसीटते हुए घर के बाहर लाया और वहां पर भी मारपीट की। आरोपी ने उसे धमकी दी कि वो दोबारा यहां आएगी तो वो उसे जान से मार देगा। इसके बाद पीड़िता ने वैशाली नगर थाना पहुंचकर घटना की शिकायत की है। जिसके आधार पर पुलिस ने एमआइसी सदस्य रीता सिंह गेरा के बेटे मानव चंद्र सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट, गाली गलौज, मारपीट और धमकाने की धाराओं के तहत प्राथमिकी की है। अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस मुद्दे पर अभी तक पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की है। इस पर पुलिस आगे क्या कार्यवाही करेगी स्पष्ट नहीं हो पाया है।