सट्टा खिलाते हुये पकड़े गये कौशल साहू और जीवन यादव, 5 लाख से अधिक का सामान जब्त।

धमतरी : ऑनलाईन चीजों पर शिकंजा कसना काफी मुश्किल कार्य है, क्युंकी तकनीकी तौर पर इनका संचालन विदेशी स्तर पर होता है, सरकार द्वारा बार – बार इनके वेबलिंक को फेल करने के बावजूद ये लोग लिंक बदलकर काम जारी रखते है, जिसे गूगल के जरिये खोजकर दिखाया जाता है। वहीँ अब फिर से आईपीएल सट्टा के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। कुरूद थाना क्षेत्र में ऑनलाईन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जिसके बाद कार्यवाही करके आरोपियों के कब्जे से 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिलेभर में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार कार्यवाही की जा रही है सट्टेबाज लगातार पुलिस की गिरफ्त में आ रहे है। इसी क्रम में कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीएसएनएल ऑफिस के पास दो व्यक्ति ऑनलाइन ऐप के माध्यम से आईपीएल सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी गई।

इस कार्यवाही के दौरान दोनों आरोपी अपने मोबाईल फोन में BLISSEXCH ऐप के जरिए रुपये का दांव लगाते हुए रंगे हाथ पकड़े गये। दोनों आरोपियों के नाम जीवन यादव (40 वर्ष), निवासी – पुराना बस स्टैंड, कुरूद, कौशल साहू (31 वर्ष), निवासी – कारगिल चौक, कुरूद बताये गये है। इनके पास से 2 मोबाइल फोन व 1 आईफोन (लगभग ₹85,000), नगद ₹20,500 रूपये, सफेद रंग की अर्टिका कार (क्रमांक CG-05 AP-8457, कीमत लगभग ₹4,00,000), कुल जब्ती: ₹5,05,500 कि की गई है।

दोनों आरोपी आदतन अपराधी :

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुरूद में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 112, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी है। जीवन यादव के खिलाफ पहले से जुआ एक्ट, धमकी और मारपीट जैसे कई मामले दर्ज हैं, वहीं कौशल साहू के खिलाफ भी जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है। पुलिस इन्हें पहले भी पकड़ चुकी है।

हाल ही में सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने भी सिहावा चौक में दबिश देकर 5 जुआरियों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से ₹83,000 नकद जब्त किए गये थे। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर 6 प्रकरणों में ₹1.39 लाख से अधिक की राशि जब्त की गई थी। धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्यवाही की जायेगी। राज्य में जगह – जगह सटोरिये पकड़े जा रहे है।