पुणे में छत्तीसगढ़ के मजदूर को बनाया गया बंधक, पति को बचाने गर्भवती महिला पहुंची SP के पास।

बिलासपुर : राज्य के गरीब मजदूरों को अन्य जगहों काम में ले जाने वाले ठेकेदार उनके साथ काफी बदसलूकी करते है, कमीशन के नाम पर उनके पैसे ले लेते है, और कई बार तो महीनों मजदूरी करवाने के बाद भी उनको मजदूरी नहीं देते है, उन पर अत्याचार अलग करते है, उल्टा उन्हें बंधक बना देते है। ऐसे ही एक मामला बिलासपुर जिले से सामने आया है जहां छत्तीसगढ़ के एक मजदूर परिवार के साथ महाराष्ट्र के पुणे में मारपीट और बंधक बनाए जाने की घटना हुई है।

इस मामले में पीड़ित परिवार ने बिलासपुर लौटकर एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की मांग की है। जानकारी के अनुसार, मामला मस्तूरी क्षेत्र के पचपेड़ी सुकुलकारी गांव का है। यहां रहने वाला एक मजदूर परिवार रोजगार की तलाश में पुणे (महाराष्ट्र) गया हुआ था। जिसको लेकर आरोप है कि वहां ठेकेदार ने मजदूरी के पैसे मांगने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की है। वहीँ पीड़ितों ने बताया है कि गर्भवती महिला के पति संतोष महिलांगे को ठेकेदार ने बंधक बना लिया है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

इस घटना के बाद किसी तरह बड़ी मुश्किल से पीड़ित परिवार बिलासपुर लौटा और एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है, उन्होंने अपने साथ हुई प्रताड़ना भी बताई है। वहीँ परिवार ने बंधक बनाए गए संतोष महिलांगे को सुरक्षित छुड़ाने की मांग की है। मामले में पीड़ितों ने आरोपी ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।