बिलासपुर : अवैध गतिविधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है, जहां कुछ चौराहों, स्पा सेंटरों और मोबाइल नेटवर्क के जरिए सेक्स रैकेट संचालित होने के मामले सामने आ रहे हैं। अब शहर के व्यस्त क्षेत्रों में भी खुलेआम सेक्स कारोबार होने की जानकारी सामने आई है, जिससे आम नागरिकों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। यहाँ स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां अब छिपकर नहीं बल्कि खुले तौर पर हो रही हैं। मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क किया जाता है और फिर उन्हें होटल, ओयो या रिहायशी क्षेत्रों में बुलाया जाता है। कम दरों पर सेवाएं उपलब्ध होने के कारण यह अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है। पुलिस को इस मामले की जानकारी होने के बावजूद ठोस कार्यवाही नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
रिहायशी कॉलोनियों के ओयो से लोग परेशान :
रिहायशी कॉलोनियों में इस तरह की गतिविधियों से लोग खासे परेशान हैं। उनका कहना है कि बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे सुरक्षा और सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। कई बार संदिग्ध गतिविधियां देर रात तक जारी रहती हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल बन रहा है। महिलाओं के लिये माहौल असहज हो जाता है। पंकज पटेल, एएसपी के मुताबिक, सेक्स रैकेट से संबंधित किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी फिलहाल प्राप्त नहीं हुई है। यदि ऐसी कोई गतिविधि सामने आती है, तो मामले की तत्काल जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जायेगी।



