जेल के बाहर नशे के व्यापार का बड़ा खुलासा, मचा हड़कम्प, मुंगौड़ी सेंटर से गांजा सहित अन्य नशे के सामग्री बरामद।

रायपुर : राजधानी रायपुर में सेंट्रल जेल के बाहर संचालित एक मंगौड़ी सेंटर से गांजा समेत कई तरह के नशीले पदार्थ और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद किए जाने की खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, जेल प्रशासन की टीम ने सेंटर पर दबिश देकर कार्यवाही की। हालांकि, इस पूरे मामले में जेल विभाग की ओर से फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

गांजा, नशीली गोलियां और गुटखा समेत दो मोबाईल जब्त :

सूत्रों के अनुसार, कार्यवाही के दौरान सेंटर से गांजा, तंबाकू, नशीली गोलियां और सितार गुटखा के करीब 400 पैकेट बरामद किए गए। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। कार्यवाही में करीब 70 से 72 हजार रुपये की नकदी मिलने की भी बात कही जा रही है।

जेल प्रहरी के सेंटर से बरामदगी का दावा :

बताया जा रहा है कि यह सेंटर राजेश वर्मा नामक व्यक्ति का है, जो जेल प्रहरी के पद पर पदस्थ बताया जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि सेंटर के जरिए नशीले सामान की जेल के अंदर सप्लाई की जाती थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

ऑनलाईन भुगतान बेटी के खाते में लेने की चर्चा :

मामले में यह जानकारी भी सामने आई है कि नशीले सामान के बदले होने वाले ऑनलाईन भुगतान को कथित तौर पर राजेश वर्मा अपनी बेटी के बैंक खाते में लेता था। जांच में इस पहलू को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

एक अन्य प्रहरी से भी तंबाकू बरामद होने की जानकारी :

सूत्रों के मुताबिक, मन्नत पुरैना नामक एक अन्य जेल प्रहरी के पास से भी 15 पैकेट तंबाकू बरामद किए जाने की बात सामने आई है। कार्यवाही के बाद मंगौड़ी सेंटर पिछले करीब तीन दिनों से बंद बताया जा रहा है।

कार्यवाही को लेकर उठ रहे सवाल :

पूरे मामले में यह भी चर्चा है कि संबंधित लोगों के खिलाफ केवल नोटिस जारी किया गया और कोई बड़ी विभागीय कार्यवाही नहीं की गई। हालांकि, कार्यवाही की वास्तविक स्थिति और विभागीय स्तर पर लिए गए फैसलों को लेकर जेल प्रशासन की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।