रायपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक नवीनीकरण कार्य के लिए बड़ा मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है। इसका सीधा असर छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, झारखंड और ओडिशा के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। 24 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 के बीच प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सीनी-राजखरसावां सेक्शन की अप एवं डाउन लाइन पर टीआरटी मशीन से ट्रैक नवीनीकरण की कार्यवाही की जायेगी।
इसके चलते टाटानगर-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी, नांदेड़-संतरागाछी, संतरागाछी-पुणे हमसफर और पुणे-संतरागाछी हमसफर जैसी प्रमुख ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द किया गया है। साथ ही रेलवे ने दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया है।
इन क्षेत्रों के यात्रियों को होगी परेशानी :
ट्रेनों के रद्द होने से बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, इतवारी, गोंदिया, नागपुर, टाटानगर, पुणे और संतरागाछी क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। जिन यात्रियों ने पहले से काउंटर या ऑनलाईन टिकट बुक करा रखे हैं, उन्हें यात्रा की तारीख बदलनी पड़ सकती है या वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था करनी होगी। त्योहारों व छुट्टियों के मौसम में ट्रेनों में भारी भीड़ रहने के कारण अन्य ट्रेनों में भी कन्फर्म सीट मिलना चुनौतीपूर्ण रहेगा।
नवंबर में इन तारीखों पर रद्द रहेंगी ट्रेनें :
- 24 और 27 नवंबर: गाड़ी संख्या 18109/18110 टाटानगर-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
- 23, 25, 28 और 30 नवंबर: अलग-अलग रूट की नांदेड़-संतरागाछी, संतरागाछी-नांदेड़, संतरागाछी-पुणे हमसफर और पुणे-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस का परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान महाराष्ट्र से झारखंड और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
दिसंबर: क्रिसमस और साल के अंत की छुट्टियों पर असर :
दिसंबर में छुट्टियों के दौरान परिवार के साथ यात्रा करने या गृहनगर जाने वाले यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी।
- प्रभावित तारीखें: 1, 4, 5, 7, 8, 9, 11, 12, 14, 15, 16, 18, 19, 21, 22, 23, 25, 26, 28, 29 और 30 दिसंबर को ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
- 25 दिसंबर: क्रिसमस के दिन टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस के रद्द रहने से छत्तीसगढ़ और झारखंड क्षेत्र के बीच सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
जनवरी 2027 में भी जारी रहेगा असर :
मेगा ब्लॉक का प्रभाव नए साल के पहले पखवाड़े में भी बना रहेगा।
- प्रभावित तारीखें: 1, 2, 4, 5, 6, 8, 9, 11, 12, 13, 14 और 15 जनवरी 2027 को विभिन्न ट्रेनों का परिचालन बाधित रहेगा। नए साल की छुट्टियों में सफर करने वाले यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।
दो ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी
- 18478 योग नगरी ऋषिकेश-पुरी कलिंग उत्कल एक्सप्रेस: यह ट्रेन निर्धारित तिथियों पर अपने नियमित मार्ग के बजाय ईब-झारसुगुड़ा रोड-संबलपुर सिटी-कटक होकर पुरी जायेगी।
- 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस: यह ट्रेन कांद्रा-सीनी के परिवर्तित मार्ग से चलेगी और टाटानगर-गम्हरिया स्टेशनों को छोड़कर दुर्ग पहुंचेगी।



