रायपुर : लोकसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा 20 हजार गांवों तक पहुंचने का प्रयास करेगी। भाजपा के कार्यकर्ता गांव चलो अभियान का हिस्सा बनेंगे। अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में चार फरवरी से 11 फरवरी तक यह अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान में मुख्यमंत्री से लेकर लोकसभा, राज्यसभा सदस्य, विधायक, पूर्व लोकसभा सदस्य व राज्यसभा सदस्य, पूर्व विधायक सहित सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता गांवों में जाकर 24 घंटे वहां रुकेंगे। वहां के लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में बताएंगे। इसमें भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्त्ता हिस्सा लेंगे।
पार्टी पदाधिकारी ने कहा कि गांव चलो अभियान कार्यशाला का मुख्य विषय लोकसभा चुनाव की तैयारी है जिसमें क्या-क्या कार्य करना है, इस पर चर्चा की गई है। भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी गांवों में जाकर केंद्र सरकार व राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से मिलेंगे, उनकी प्रतिक्रिया और सरकार के प्रति उनकी सोच को समझेंगे, उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानेंगे।
प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में गांव चलो अभियान की कार्यशाला आयोजित की गई थी। कार्यशाला में गांव चलो अभियान के चार राज्यों बिहार, ओड़िशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के प्रभारी व झारखंड के राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश, गांव चलो अभियान के प्रदेश संयोजक व पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सह संयोजक विधायक रायपुर ग्रामीण मोतीलाल साहू, विधायक गोमती साय, भरत मटियारा, उपस्थित रहे। कई कर्क्रताओं ने भी इसमें हिस्सा लिया।