पहली बार मस्जिद, दरगाह, खानका और इमामबाड़ों में फहरा तिरंगा, डॉ. सलीम राज बोले, भारत का मुसलमान है वतनपरस्त।

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित दरगाह हजरत सैयद शेर अली आगा परिसर में स्वतत्रंता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। जिसमें वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज शामिल हुए। इस मौके पर समाज और मस्जिद कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे, साथ ही मदरसे के बच्चे भी उपस्थित रहे। इस मौके पर परिसर में डॉक्टर सलीम राज ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्र गान जन गन मन गया। फिर सभी ने भारत माता की जय के नारे लगाए गये, मिठाइयाँ बांटी गई।

सलीम राज ने कहा “बड़ी खुशी की बात है कि दरगाह में ध्वजारोहण किया गया. इसमें मदरसे के बच्चे भी शामिल हुए। इसका मुख्य उद्देश्य है कि मुसलमान को कटघरे में खड़ा किया जाता है, भारत का मुसलमान वतन परस्त है, देश से प्यार करने वाला है। पाकिस्तान से प्यार करने वाला नहीं है। पाकिस्तान के लोग यहां आते हैं और आतंकवादी घटना करते हैं, मुसलमान बदनाम होते हैं। भारतीय मुसलमान देश से प्यार करता है और तिरंगा का सम्मान करता है।”

इस मौके पर कमेटी सदस्य राहिल ने कहा “जब से देश आजाद हुआ है, 1947 से लेकर आज तक लगातार देश में जश्न ए आजादी मनाई जाती रही है। इस दरगाह के परिसर में 42 सालों से दरगाह ट्रस्ट की तरफ से जश्न ए आजादी का कार्यक्रम किया जाता है। राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, यह हमारा राष्ट्रीय त्यौहार है। इस देश को आजाद करने के लिए लाखों लोगों ने कुर्बानी दी थी। यह भारत वासियों के लिए सबसे गर्व का त्यौहार है। इसमें सभी को बढ़ चढ़ कर भाग लेना चाहिए।”

इस मामले में छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज ने पहले ही सर्कुलर जारी कर दिया था कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश के साथ राजधानी रायपुर की मस्जिद, दरगाह, खानका और इमामबाड़े में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। जिसके बाद मस्जिद, दरगाह,खानका और इमामबाड़े मे ध्वजारोहण किया गया।

वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डाॅ.सलीम राज ने हजरत फातेहशाह मजार व मस्जिद टिकरापारा, दरगाह हजरत सैयद शेर अली आगा बंजारी वाले बाबा, दरगाह अस्पताल वाले बाबा, मस्जिद बोहरा समाज में भी ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सम्बंधित वक्फ संस्थानों के मुतवल्ली, कमेटी के पदाधिकारी और आम लोग उपस्थित रहे। सभी मुस्लिम समाज के लोगों ने इन कार्यक्रमों में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।