हेरोइन सप्लाई करते रंगे हाथों गिरफ्तार, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप।

रायपुर : राजधानी में नशे का कारोबार इस कदर बढ़ चुका है, कि इससे पुलिस का आरक्षक भी अछूता नहीं रहा, जहाँ एक तरफ नशे के खिलाफ अभियान चल रहे है, वहीँ इस अभियान के बीच पुलिस विभाग से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ टिकरापारा थाना पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आमानाका थाना में पदस्थ आरक्षक हिमांशु बर्मन को हेरोइन की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से करीब डेढ़ ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

पुलिस को इस मामले में सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति शहर में हेरोइन की सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर टिकरापारा थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। निगरानी के दौरान आरक्षक हिमांशु बर्मन को कथित तौर पर एक ग्राहक को हेरोइन देते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

सामने आई जानकारी के अनुसार 11 फरवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन क्रमांक CG-04-PW-1372 में बैठकर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बताए गए हुलिए के व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाना में धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले में बताया जा रहा है कि आरोपी वर्तमान में आमानाका थाना में पदस्थ था। मामले के उजागर होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना को गंभीर मानते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आरोपी कब से इस गतिविधि में संलिप्त था और क्या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी जुड़ा है। वहीँ इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा, भले ही वह पुलिस विभाग का कर्मचारी ही क्यों न हो। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके संभावित नेटवर्क तथा सप्लाई चेन की पड़ताल की जा रही है। राजधानी में नशे का बहुत बड़ा कारोबार बन चुका है।