रायपुर : राजधानी में बढ़ते अपराधों और चोरियों पर लगाम कसने के लिये राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए चारपहिया वाहन के शीशे तोड़ने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन घटना को अंजाम देने से पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर कार्यवाही के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में क्षेत्र के थानों द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुंडा-बदमाशों, चाकूबाजों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है, जिसके तहत पुलिस कार्यवाही करने में जुटी हुई है।
इसी क्रम में 5-6 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के रामनगर वार्ड क्रमांक 024 में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा एक चारपहिया वाहन का शीशा तोड़े जाने की सूचना मिली थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई।
वहीँ थाना गुढ़ियारी पुलिस ने पतासाजी के बाद प्रकरण में धनेश्वर सोनवानी (18 वर्ष), शिव सिंह ठाकुर (24 वर्ष) और उकेश बघेल (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। आपको बता दें कि राजधानी में अपराधी बेखाफ़ हो गये है और आम आदमी दहशत में जी रहा है।



