शिवकुमार यादव और मिथिला यादव ने जीजा को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, सामने आया ये मामला….।

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और छोटे साले व भाभी ने मिलकर जीजा की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह मामला सामने आते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, इस खौफनाक घटना के सामने आने से क्षेत्रवासी स्तब्ध है।

वहीँ इस घटना में मिली जानकारी के मुताबिक, घटना चौकी कोतबा क्षेत्र के ग्राम फरसाटोली की है। मृतक की पहचान मुरली राम यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसने गांव की ही सोनिया यादव से प्रेम विवाह किया था। 30 मार्च को उसके बेटे के जन्मदिन के अवसर पर घर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

इसी दौरान रात करीब 11 बजे मुरली राम शराब के नशे में अपनी पत्नी के मायके पहुंच गया। यहां उसका छोटे साले शिवकुमार यादव (35) और बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव (37) से किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने मुरली राम को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से जमकर मारपीट की।

मारपीट के दौरान मिथिला यादव ने डंडे से भी हमला किया। इस घटना के बाद घायल मुरली राम किसी तरह अपने घर लौट गया, लेकिन अगले दिन उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी कोतबा लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ओडिशा के सुंदरगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान 4 अप्रैल को उसकी मौत हो गई।

वहीँ पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया है। इसके बाद कोतबा चौकी में अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। वहीँ इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है। इस तरह इस घटना में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की।