प्रदेश में बढ़ेगी भीषण गर्मी, 26 तक बनेंगे लू जैसे हालात, बिना जरुरी काम के बाहर ना निकलें।

रायपुर : गर्मी लगातार बढ़ती ही जा रही है, ऐसे में स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतें। छत्तीसगढ़ के मध्य क्षेत्र के लोगों को गर्मी से राहत की संभावना नहीं है। हालात काफी गंभीर रूप ले रहे है, अगले 24 घंटों के बाद अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इसको लेकर मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 26 अप्रैल तक मध्य क्षेत्र में लू जैसी स्थिति बने रहेगी। बुधवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी दुर्ग में पड़ी है, वहीं राजधानी का मौसम भी काफी तप रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान नानगुर समेत कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।

सबसे अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में, जबकि अंबिकापुर में 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया है कि एक द्रोणिका/हवा की अनियमित गति मराठवाड़ा से कोमोरिन क्षेत्र तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. एक प्रति चक्रवात अंदरुनी महाराष्ट्र और उससे लगे तेलंगाना तथा उत्तर अंदरूनी कर्नाटक के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 5.8 कम ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीँ प्रदेश में 23 अप्रैल को मौसम मुख्य तौर पर शुष्क रह सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की आशंका है। 24 अप्रैल से 26 अप्रैल तक प्रदेश के मध्य भाग में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनने की संभावना है। इसके साथ ही दोपहर का मौसम काफी ज्यादा गर्म रहेगा।

राजधानी रायपुर में आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। वहीँ दिनभर हालात भीषण गर्मी के बने रहेंगे। भीषण गर्मी होने के कारण बिना जरुरी काम के बाहर निकलने से बचें।