कैफे और दुकान में चल रहा था सट्टेबाजी का खेल, अलग-अलग मामलों में सोनू देवांगन सहित 6 गिरफ्त में।

रायगढ़ : आईपीएल के बीच सट्टेबाजी का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है, ऐसे ही शहर में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। साईबर थाना, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्यवाही करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद उनके खिलाफ आगे की कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही आरोपियों के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के 7 मोबाईल फोन, 15,490 रुपये नगद और ऑनलाईन ट्रांजेक्शन से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य जब्त किये गये हैं, इनकी जांच की जा रही है।

कोतवाली क्षेत्र में दो सटोरिये गिरफ्तार :

पहली कार्यवाही में साईबर थाना और कोतवाली पुलिस ने नयागंज कोष्टापारा क्षेत्र में दबिश देकर सोनू देवांगन (उम्र 21 साल) को गिरफ्तार किया गया है। वह मोबाईल के जरिए चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैचों पर सट्टा संचालित कर रहा था। उसके मोबाईल से गूगल पे ट्रांजेक्शन और मैच संबंधित स्क्रीनशॉट भी मिले हैं। इसी कार्यवाही के दौरान गद्दी चौक स्थित ए-वन कैफे में छापेमारी कर हर्षित देवांगन (उम्र 24 साल) को ऑनलाईन सट्टा चलाते पकड़ा गया है। आरोपी मोबाईल के माध्यम से हार-जीत पर दांव लगवा रहा था और डिजिटल पेमेंट के जरिए लेनदेन कर रहा था।

घरघोड़ा में दो अलग-अलग कार्यवाही, चार आरोपी गिरफ्तार :

घरघोड़ा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की। गोयल ट्रेडिंग दुकान से भरत गोयल (उम्र 22 साल) को गिरफ्तार किया गया है, जो आईपीएल मैचों पर छक्का, चौका और विकेट पर सट्टा संचालित कर रहा था। उधार जय स्तंभ चौक के पास गौतम भोजवानी, लक्ष्मीनारायण सिदार और सागर गुप्ता को ऑनलाइन सट्टा खेलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने पर तीनों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया है। वहीं आरोपियों से पुलिस की पूछताछ में जश्मित सिंह बग्गा और करण चौधरी का भी नाम सामने आया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।