राज्य में भीषण गर्मी के हालात, कूलर भी नहीं कर रहे काम, आँखों की बढ़ी समस्या, बरतें सावधानी।

रायपुर : भीषण गर्मी लगातार बढ़ रही है, करीब तीन साल बाद राजधानी में इस बार गर्मी का लंबा दौर चल रहा है , जो आगे भी जून के पार तक जा सकता है, वहीँ पिछले 16 दिन से यहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से कम नहीं हुआ है। राजधानी का पारा 43 डिग्री से पार चल रहा है। इसके साथ ही दिन की तेज धूप के बाद रात में भी चार डिग्री के ज्यादा तापमान से लोगों को गर्मी सहनी पड़ रही है। राज्य के मध्य क्षेत्र में अभी भी लू के हालात बने हुये हैं। भीषण गर्मी और धूल से आँखों की समस्या भी लगातार बढ़ रही है, आँखों का इन्फेक्शन भी लगातार बढ़ता ही जा रहा है।

वहीँ अचानक मौसम बदलने से प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हुई है, सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनंदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24.8 डिग्री सेल्सियस  दर्ज किया गया है।

इधर सोमवार को हवा की दिशा में हुए बदलाव की वजह से जांजगीर, रायगढ़ और बिलासपुर के कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश भी हुई। जगदलपुर समेत बस्तर में हालात सामान्य रहे, मगर मध्य क्षेत्र गर्मी से झुलसता रहा। मौसम विभाग लालपुर में पिछले दो दिन से 44-45 डिग्री की भीषण गर्मी पड़ रही थी, जिससे सोमवार को थोड़ी राहत मिली। यहां छाये हल्के बादल और हवा की गति सामान्य से अधिक होने की वजह से तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट हुई है, हल्की बूंदाबांदी ने मौसम में थोड़ी राहत दी है।