सुल्तानपुर (उ.प्र.) : डीजे में साउंड के साथ वाइब्रेटर भी लगा हुआ होता है, जो कम्पन पैदा करता है, इसकी आवाज से आम आदमी, बुजुर्ग और बीमार काफी परेशान हो जाते है, तो वहीँ आपको बता दें कि शादी-ब्याह के दौरान डीजे की तेज आवाज का असर सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से सामने आया है, जहां बारात में बज रहे तेज डीजे की वजह से पास स्थित एक पोल्ट्री फार्म में भारी दहशत फैल गई और 140 मुर्गियों की हार्ट अटैक से मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होने के बाद पुलिस ने डीजे संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस अनोखे मामले की क्षेत्र में बड़ी चर्चा है।
बारात के दौरान हुआ पूरा मामला :
यह घटना सुल्तानपुर के दरियापुर गांव की है, जहां 25 अप्रैल को कुड़वार क्षेत्र के पूरे राम भद्र पुरवा से एक बारात पहुंची थी। आरोप है कि बारात में मौजूद डीजे संचालक कवि यादव ने अत्यधिक तेज आवाज में संगीत बजाया, जिससे आसपास का माहौल अचानक शोर और कंपन से भर गया। जिससे चारों तरफ काफी ज्यादा ध्वनि और कम्पन हो रहा था। वहीँ बारात का डीजे जब पोल्ट्री फार्म के पास से गुजरा, तो तेज आवाज और कंपन से वहां मौजूद मुर्गियां बुरी तरह डर गईं। पोल्ट्री फार्म के मालिक साबिर अली के अनुसार, अचानक हुई इस दहशत के कारण मुर्गियां घबरा गईं और देखते ही देखते 140 मुर्गियों की मौत हो गई। जिसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक की पुष्टि :
मामले की जांच के बाद मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) प्रमोद शर्मा ने पुष्टि की कि मुर्गियों की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। रिपोर्ट में माना गया कि तेज आवाज और तनावपूर्ण माहौल इसकी बड़ी वजह हो सकते हैं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने डीजे संचालक कवि यादव, निवासी कुड़वार, के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या वास्तव में तेज ध्वनि स्तर ही मौत का मुख्य कारण था या अन्य कोई वजह भी शामिल है। हालाँकि इस घटना की सत्यता को इतनी आसानी से नकारा नहीं जा सकता।



