सट्टेबाजी में लिप्त दिनेश लालवानी, ओमप्रकाश नागवानी  सहित 7 गिरफ्त में, सामने आया करोड़ों का लेनदेन।

बिलासपुर : सट्टेबाजी से युवा लगातार बर्बाद हो रहे है, सट्टेबाजी के मुख्य रूप से क्रिकेट के खेल पर ही दांव लग रहे है, वहीँ युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है, लेकिन सट्टेबाज उनकी जीवन भर की पूंजी लगातार लूट रहे है, वहीँ व्यापार चौपट होने से भी कई लोग इसी तरफ आकर्षित हो रहे है। वहीँ सामने आये मामले के अनुसार बिलासपुर में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सकरी थाना क्षेत्र में की गई इस कार्यवाही में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

वहीँ कार्यवाही के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किये गये हैं। यह गिरोह लूडो ऐप और आईपीएल मैचों के जरिए ऑनलाईन सट्टा संचालित कर रहा था, जिसमें 2 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन का खुलासा हुआ है। इसके साथ ही रकम और ज्यादा होने का अनुमान भी लगाया जा रहा है।

इस मामले में पुलिस को बीट सिस्टम के जरिए इस गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद एसीसीयू टीम की तकनीकी सहायता से 29 अप्रैल 2026 को ओम स्पेस कॉलोनी, सकरी में दबिश दी गई, जहां से अंतर्राज्यीय सट्टा गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

सरगना पहले भी रहा है संलिप्त :

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरोह के सरगना राहुल छाबड़ा के खिलाफ पहले भी सट्टे के मामलों में कार्यवाही हो चुकी है। वह अन्य राज्यों से संपर्क कर ऑनलाईन सट्टा संचालित कर रहा था। गिरोह लूडो ऐप और आईपीएल क्रिकेट मैचों पर दांव लगवाता था। इस कार्यवाही में पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 21 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 13 एटीएम कार्ड, 8 पासबुक और एक क्रेटा कार (MP 18 ZB 8565) जब्त की है। जब्त मोबाईल के डेटा की जांच में 2 करोड़ रुपये से अधिक के सट्टे के लेनदेन का पता चला है। ये लोग बाहर से आकर बिलासपुर में अपना काम कर रहे थे।

अब पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल आरोपियों के बैंक खातों की जांच की जा रही है और अन्य राज्यों से जुड़े नेटवर्क की तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम :

राहुल छाबड़ा (30 वर्ष), निवासी स्वर्णिम एरा कॉलोनी, सरकंडा, बिलासपुर।
ओमप्रकाश नागवानी (21 वर्ष), मूल निवासी सागर (मध्यप्रदेश), वर्तमान निवास हाफा, सकरी, बिलासपुर।
आशीष सोमानी (37 वर्ष), निवासी बालाघाट (मध्यप्रदेश)
कैलाश चावला (26 वर्ष), निवासी कटनी (मध्यप्रदेश)
विजय नागवानी (42 वर्ष), निवासी कटनी (मध्यप्रदेश)
दिनेश लालवानी (19 वर्ष), निवासी कटनी (मध्यप्रदेश)
एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)