राजधानी में बेख़ौफ़ बदमाश, सरेआम की युवक की पिटाई, नशे की हालत में कॉलोनी में की जमकर मारपीट।

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इन दिनों बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, लगातार मारपीट की घटनायें बढती ही जा रही है, जिससे आम आदमी खौफ में जी रहा है। ताजा मामला इंद्रप्रस्थ कॉलोनी से सामने आया है, जहां कुछ बदमाश नशे की हालत में कॉलोनी में पहुंचे और गाली-गलौज के बाद एक युवक पर डंडे से हमला कर दिया। इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। मामले के अनुसार नशे में पहुंचे आरोपियों ने पहले कॉलोनी में गाली-गलौज और विवाद किया, फिर एक युवक पर डंडे से हमला कर दिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कॉलोनी में घुसकर की गाली-गलौज और मारपीट :

मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है, जिसके अंतर्गत स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में नशे में धुत्त बदमाशों का आतंक देखने को मिला है। बदमाशों ने कॉलोनी में घुसकर अन्य युवकों के साथ ना सिर्फ बहसबाजी और गाली-गलौज की बल्कि उनके साथ मारपीट भी की, जिसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि 6 युवक आपस में बहसबाजी कर रहे हैं। इतने में एक युवक कार के पीछे से डंडा उठा लाता है और ब्लैक शर्ट पहने युवक के गर्दन पर हमला कर देता है। वही घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी फरार हो गये हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक कॉलोनी में पहुंचकर स्थानीय लोगों से बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में करीब छह युवक आपस में भिड़ते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक कार के पीछे रखा डंडा उठाता है और ब्लैक शर्ट पहने युवक की गर्दन पर जोरदार वार कर देता है।

 स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद डीडी नगर थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।