जांजगीर-चांपा : किसी भी धंधे में हमेशा फायदा नहीं मिलता, कई बार नुकसान भी हो जाता है, ऐसे ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में एक चोर चोरी करने की नीयत से सूने मकान में दाखिल तो हुआ था, लेकिन मकान मालिक को देखकर डर के मारे चोरी का माल ले जाने के बजाय अपना ही सारा कीमती सामान मौके पर छोड़कर रफूचक्कर हो गया। बहरहाल, छूटे हुए सामान के सुराग से पुलिस आरोपी तक पहुंचकर गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस द्वारा इस मामले की कार्यवाही नवागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गी है।
इस घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, हरदी हरी गांव के रहने वाले शत्रुहन करियारे के घर में गुरुवार की रात को एक चोर चोरी करने की नीयत से अंदर घुसा था। चोर अभी घर के सामानों को खंगाल ही रहा था कि आहट पाकर मकान मालिक शत्रुहन की नींद खुल गई। अपने घर में अनजान शख्स को देखकर उन्होंने हिम्मत दिखाई और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की।
वहीँ चोरी करते समय मकान मालिक को अचानक सामने देख चोर बुरी तरह घबरा गया और खुद को छुड़ाकर भागने लगा। इस हड़बड़ी में चोर के पास रखे 2 मोबाईल, उसका गमछा और चप्पल वहीं जमीन पर गिर गए। इतना ही नहीं, पकड़े जाने के डर से चोर घर के बाहर खड़ी अपनी बाईक को वहीं छोड़कर पैदल ही दुम दबाकर भाग निकला, जिसके बाद उसका कोई अता-पता नहीं था।
वहीँ इस चौंकाने वाली घटना के बाद पीड़ित मकान मालिक ने घटना की सूचना नवागढ़ थाना पुलिस को दी और मौके पर छूटे सामान को पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने मोबाइल नंबर और बाईक के दस्तावेज खंगालते हुए आरोपी की शिनाख्त सुनील कश्यप के रूप में की गी। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी सुनील कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। नवागढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



