मुख्यमंत्री हेल्पलाईन आम आदमी के लिये बड़ी सौगात, 5 दिनों में 15,434 शिकायतें दर्ज।

रायपुर : जहाँ आम आदमी को छोटे-छोटे कार्यों के लिये सरकारी कर्मचारियों के चक्कर काटना काफी मुश्किल होता है तो वहीँ, मुख्यमंत्री हेल्पलाईन लोगों के लिये बड़ी सौगात बन रही है। सामने आई जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री साय सरकार की नई मुख्यमंत्री हेल्पलाईन 1076 आम जनता के लिए शासन तक अपनी शिकायतें पहुंचने का सशक्त माध्यम बन रही है, जिससे आम आदमी की शिकायतों पर जल्द कार्यवाही का प्रयास किया जा रहा है, ऐसे में हेल्पलाइन शुरू होने के महज पांच दिनों के भीतर शिकायतों की संख्या 15 हजार के आंकड़े को पार कर गई है। सबसे ज्यादा शिकायतें नगरीय सुविधाओं, बिजली और जमीन से जुड़ी हुई है। 13 जून तक 15,434 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। 

इसके अलावा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित 2,470 शिकायतें आई हैं। इनमें नामांतरण, सीमांकन और भू-अभिलेख संबंधी शिकायतें प्रमुख हैं, तो वहीं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से जुड़ी 2,058 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें सड़क, नाली, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्यायें भी शामिल हैं। जिनके निराकरण के लिये शिकायतें दर्ज की जा रही है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाईन पर ऊर्जा विभाग से संबंधित 1,921 शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें बिजली आपूर्ति, ट्रांसफॉर्मर और विद्युत कनेक्शन से जुड़े मुद्दे प्रमुख हैं। वहीँ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 1,509 मामलों के साथ-साथ खाद्य विभाग से जुड़ी 1,235 शिकायतें भी हेल्पलाईन पर दर्ज हुई हैं। इसके अलावा खाद्य विभाग की शिकायतों में राशन कार्ड और पात्रता संबंधी समस्यायें सामने आई हैं, जिनका समाधान किया जाने लगा है। लगभग हर दूसरी शिकायत जमीन, नाली, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी हुई है। इसमें फोन लगाने पर आपकी कॉल तुरंत ही उठाई जाती है और शिकायत दर्ज की जाती है।