दो बच्चों के पिता और अविवाहित युवती का शव फंदे पर लटका हुआ मिला, घटना से क्षेत्र में सनसनी का माहौल।

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कुंडा थाना क्षेत्र के हथमुड़ी गांव में शुक्रवार को दो बच्चों के पिता और एक अविवाहित युवती का शव एक खेत में स्थित बबूल के पेड़ पर एक ही फंदे से लटका मिला। इस दोहरी मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों के एक ही जाति से होने के बावजूद उनका रिश्ता विवाह की मंजिल तक नहीं पहुंच सका। ग्रामीणों द्वारा शव देखे जाने के बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी।

हत्या या आत्महत्या? दोनों कोणों से जांच जारी

घटना के बाद से गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रेम में नाकामी के चलते दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया या फिर मामला हत्या का है?

पुलिस दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। घटनास्थल और आसपास से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट की जायेगी। फिलहाल इस दर्दनाक घटना से हथमुड़ी गांव में मातम पसरा हुआ है।