राजनांदगांव : राजनांदगांव जिले के चिखली अंतर्गत रमन बाजार में पिस्टल लहराकर दहशत फैलाने वाले चार युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने और बड़ा गुंडा बनने की नीयत से लोगों को पिस्टल दिखाकर डरा-धमका रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और मैगजीन जब्त की है। चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कार्यवाही की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी :
मामला 1 अक्टूबर की रात का बताया जा रहा है। पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि रमन बाजार में बड़े तालाब के पास एक युवक पिस्टल दिखाकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही चिखली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर धनुष साहू उर्फ गोलू को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई।
हथियार मुहैया कराने वाले साथी भी गिरफ्तार :
धनुष साहू से कड़ाई से पूछताछ करने पर पुलिस को शेख शहबाज उर्फ शिब्बू और जफर मोमीन के जरिए पिस्टल मंगाए जाने की जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित दबिश देकर शेख शहबाज, जफर मोमीन और ऐश्वर्य झा उर्फ राम को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह क्षेत्र में अपना खौफ पैदा करने के लिए अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर रहा था।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज :
चिखली पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस पूरी कार्यवाही में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई सहित चिखली चौकी के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।



