कुरुद : पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर और ललित चंद्राकर के बीच उपजे विवाद में अब नया मोड़ आ गया है। संजय नगर क्षेत्र निवासी मीना चंद्राकर ने एसडीओपी कुरुद को लिखित आवेदन देकर तपन चंद्राकर पर दुकान दिलाने के नाम पर 3 लाख 10 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। आवेदिका का दावा है कि उन्हें 1 लाख 10 हजार रुपये वापस मिल चुके हैं, जबकि 2 लाख रुपये अब भी बकाया हैं।
नगर पंचायत कॉम्पलेक्स में दुकान दिलाने का झांसा :
मीना के अनुसार, 12 जून 2024 को नया बाजार स्थित नगर पंचायत कॉम्पलेक्स में दुकान दिलाने का भरोसा दिलाया गया था। इस वादे पर विश्वास करते हुए उन्होंने अपने पति की एफडीआर तुड़वाकर पैसों की व्यवस्था की और भाई ललित चंद्राकर की मौजूदगी में तपन को पूरी रकम सौंपी। शिकायत में लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और तस्वीरें मौजूद होने का भी उल्लेख किया गया है।
किश्तों में लौटाये 1.10 लाख, शेष राशि पर विवाद :
दुकान नहीं मिलने पर जब परिजनों ने रकम वापसी की मांग की, तब जनवरी और मार्च 2026 में अलग-अलग किश्तों के माध्यम से 1.10 लाख रुपये लौटाए गए। इसके बाद बाकी बचे 2 लाख रुपये को लेकर ललित और तपन के बीच बातचीत के दौरान विवाद गहरा गया।
निष्पक्ष जांच व वैधानिक कार्यवाही की मांग :
मीना ने तपन की ओर से ललित के खिलाफ दी गई शिकायत के दावों से इंकार करते हुए उसे गलत बताया है। उन्होंने प्रशासन से दोनों पक्षों की शिकायतों की गहन व निष्पक्ष जांच कर उचित कार्यवाही की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही की जायेगी।



