शराब दुकान बंद होने पर हिस्ट्रीशीटर ने तोड़ा दरवाजा, मैनेजर व स्टाफ को दी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर : बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा क्षेत्र स्थित शराब दुकान में देर रात दुकान बंद होने के बावजूद जबरन शराब लेने पहुंचे एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने न केवल दुकान का दरवाजा तोड़कर अनाधिकृत रूप से भीतर प्रवेश किया, बल्कि शराब देने से इंकार करने पर प्रबंधक (मैनेजर) और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की खुली धमकी भी दी।

शटर बंद होने पर मचाया उत्पात, जबरन अंदर घुसा आरोपी :

प्राप्त विवरण के अनुसार, घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 10:00 बजे की है। धरमपुरा स्थित देशी-विदेशी मदिरा दुकान का तय समय समाप्त हो चुका था और कर्मचारी दुकान का दरवाजा बंद कर दैनिक बिक्री के मिलान की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर राजा ध्रुव वहां पहुंचा और जबरन शराब की मांग करते हुए दरवाजा पीटने लगा।

दुकान के कर्मचारियों ने नियमानुसार समय समाप्त होने की बात कहते हुए शराब देने से साफ इंकार कर दिया। कर्मचारियों के इंकार करते ही आरोपी उग्र हो उठा। उसने बलपूर्वक धक्का देकर दुकान का दरवाजा तोड़ दिया और सीधे भीतर घुस गया।

कर्मचारियों को दी जान से मारने की धमकी :

दुकान के भीतर घुसते ही आरोपी ने कर्मचारियों पर शराब निकालने का भारी दबाव बनाया। जब प्रबंधक और सेल्समैन ने शासकीय नियमों का हवाला देते हुए शराब देने में असमर्थता जताई, तो उसने कर्मचारियों को गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं। आरोपी ने वहां मौजूद स्टाफ को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से खत्म करने की धमकी देकर दहशत फैलाने की कोशिश की। किसी तरह कर्मचारियों ने स्थिति को संभाला और घटना की तत्काल सूचना नगर कोतवाली पुलिस को दी।

मुकद्दमा दर्ज कर आरोपी को भेजा गया जेल :

घटना की सूचना और लिखित शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी राजा ध्रुव के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर आरोपी को धरमपुरा क्षेत्र से हिरासत में ले लिया। विधिवत गिरफ्तारी के उपरांत पुलिस ने आरोपी को स्थानीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड के तहत जेल दाखिल करा दिया गया है।

असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने सख्त कार्यवाही रहेगी जारी :

मामले को लेकर बस्तर पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। पुलिस अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा। जिले भर के संवेदनशील स्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास रात्रि गश्त तेज कर दी गई है।

बस्तर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों, गुंडागर्दी करने वालों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की सूची बनाकर उन पर निगरानी रखी जा रही है तथा अपराधियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी रखी जायेगी।