धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगरेल स्थित मां अंगारमोती के दर्शन कर सियादेही जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में करीब 25 श्रद्धालु घायल हो गये। वाहन में लगभग 40 लोग सवार थे, जो बालोद जिले के बोहरा गांव के निवासी बताये जा रहे हैं।
भटगांव आईटीआई के पास मची चीख-पुकार :
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु पिकअप क्रमांक CG 05 AV 8884 में सवार होकर मां अंगारमोती मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन उपरांत सभी सियादेही की ओर आगे बढ़ रहे थे, तभी रुद्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भटगांव आईटीआई के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
डायल 112 और एंबुलेंस से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल :
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, रुद्री पुलिस पेट्रोलिंग और एंबुलेंस की टीमें त्वरित गति से मौके पर पहुंचीं। घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के लिए पहले भटगांव आरोग्य केंद्र ले जाया गया। तत्पश्चात वरदान एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों की मदद से सभी घायलों को धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
बच्चों सहित कई श्रद्धालु घायल, स्थानीय युवकों ने बढ़ाया मदद का हाथ :
हादसे के उपरांत घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में स्थानीय नागरिकों—शिवा प्रधान, प्रेम साहू और हेमंत प्रधान सहित अन्य लोगों ने सक्रिय सहयोग किया। डायल 112 की टीम में चालक रुद्रनारायण साहू और गणेश साहू तत्परता से जुटे रहे।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार प्रारंभ कर दिया है। घायलों में चित्रा (14), लक्ष्य (10), रुक्मणी (35), देविका (15) और टेमन (11) सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। दुर्घटना के कारणों और घायलों की स्थिति के संबंध में अग्रिम विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।



