नीजी मकान में अवैध धर्मांतरण की सूचना पर भारी हंगामा, बजरंग दल के प्रदर्शन के बाद पास्टर हिरासत में, सामने आया ये मामला….।

कोरबा : छत्तीसगढ़ अवैध धर्मान्तरण के मामले लगातार सामने आ रहे है, वहीँ लगातार ऐसे मामलों में बवाल भी खड़ा हो रहा है, इसके साथ ही ये सब प्रार्थना सभा की आड़ में हो रहा है, ऐसे ही कोरबा जिले के रजगामार स्थित ओमपुर में रविवार सुबह कथित अवैध धर्मांतरण की सूचना मिलने के बाद हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर बजरंग दल के पदाधिकारियों ने मामले की पूरी जानकारी जुटाने के लिये रजगामार प्रखंड के कार्यकर्ताओं को तत्काल मौके पर भेजा।

निजी आवास में प्रार्थना सभा, बजरंग दल का विरोध-प्रदर्शन :

बजरंग दल के अनुसार, ओमपुर में पीतांबर सिंह नामक व्यक्ति द्वारा एक निजी आवास में बिना किसी वैधानिक अनुमति के प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। इसमें हिंदू समुदाय के लोगों को भी शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई थी। सूचना के आधार पर बजरंग दल के रजगामार प्रखंड सह-संयोजक प्रवीण राठौर, अभिषेक, सोनू, विवेक चंदेल, मयंक साहू, यश दास, हीरा, निखिल और राहुल सहित अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घर के बाहर जमकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पास्टर हिरासत में, पुलिस जांच जारी :

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस पास्टर पीतांबर सिंह सहित कुछ अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर चौकी ले गई है। मामले में पुलिस द्वारा वैधानिक कार्यवाही किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, कथित धर्मांतरण के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और पुलिस की कार्यवाही के विस्तृत विवरण की अभी प्रतीक्षा की जा रही है।

बजरंग दल की चेतावनी: निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन :

बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने प्रशासन से मांग की है कि निजी मकान में संचालित प्रार्थना सभा और धर्मांतरण से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूक्ष्म जांच कर नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र उचित कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन संवैधानिक दायरे में रहकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और अधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया के बाद ही वस्तुस्थिति स्पष्ट हो सकेगी।