राजनांदगांव गौवंश हत्याकांड : मुख्य आरोपी एजाज अहमद सहित दो महिलायें नागपुर से गिरफ्तार, अब तक 14 आरोपी सलाखों के पीछे।

राजनांदगांव : बीते दिनों राजनांदगांव का गौहत्या काण्ड सुर्ख़ियों में रहा है, वहीँ अब जिले के गौरीनगर में गौवंश की हत्या कर सिर को शीतला तालाब और निर्माणाधीन अंडरब्रिज के पास फेंकने के मामले में चिखली पुलिस और साईबर सेल ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी एजाज अहमद उर्फ कसाई उर्फ वकील अंसारी को नागपुर से, जबकि खैरून निशा (60) और नसीमा बेगम उर्फ रानी (57) को गौरीनगर से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के साथ मिलकर अपराध में शामिल होना स्वीकार किया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

नागपुर से मुख्य आरोपी गिरफ्तार :

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों की तलाश के लिये चिखली पुलिस और साईबर सेल की संयुक्त टीम लगातार जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी के नागपुर में होने की सूचना मिली। टीम ने कार्यवाही करते हुए उसे नागपुर से गिरफ्तार किया। वहीं दो महिला आरोपियों को गौरीनगर से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।

11 आरोपी किए गए थे गिरफ्तार :

मामले में पुलिस ने 17 अक्टूबर को 10 आरोपियों और एक अपचारी बालिका को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 18 अक्टूबर को तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस प्रकरण में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना को लेकर पुलिस ने धारा 299, 325, 238, 3(5) बीएनएस, पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया है।

कार्यवाही में इनकी रही भूमिका :

इस कार्यवाही में कोतवाली प्रभारी उपेंद्र शाह, सोमनी प्रभारी एमन साहू, बसंतपुर प्रभारी कौशलेन्द्र देवांगन, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, उप निरीक्षक सत्तुलाल कंवर सहित चिखली चौकी पुलिस और साईबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साईबर सेल से निरीक्षक विनय पम्मार सहित पुलिसकर्मियों ने आरोपियों की पतासाजी में सहयोग किया।