सीतापुर : अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग पर नेशनल हाईवे-43 की बदहाल सड़क एक बुजुर्ग व्यवसायी की मौत की वजह बन गई। सड़क पर मौजूद गड्ढे की चपेट में आने से स्कूटी सवार 70 वर्षीय त्रिलोकचंद गोयल सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बाजार जाते समय हुआ हादसा :
घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। नगर के थोक किराना व्यवसायी त्रिलोकचंद गोयल व्यावसायिक काम से स्कूटी पर बाजार की ओर जा रहे थे। बताया गया कि सरगुजा साड़ी हाउस के पास पहुंचते ही उनकी स्कूटी सड़क पर बने गड्ढे में आ गई। गड्ढे के कारण स्कूटी का संतुलन बिगड़ा और वे वाहन सहित सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से रायगढ़ की ओर जा रहे ट्रेलर क्रमांक UP78JN2987 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर का पिछला पहिया सिर के ऊपर से गुजरने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पुलिस ने संभाला मोर्चा :
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शव को अस्पताल ले जाने के लिये एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्ट्रेचर की मदद से शव को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ बढ़ने से कुछ समय के लिये यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर शुरू की जांच :
घटना की सूचना के बाद थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ट्रेलर को जब्त कर थाने भिजवाया और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
जर्जर सड़क को लेकर उठे सवाल :
इस दर्दनाक हादसे के बाद NH-43 की खराब स्थिति और सड़क पर बने गड्ढों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है। हादसे के बाद एक बार फिर जर्जर सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मांग उठने लगी है।



