माता- पिता ने बेटे की कर दी हत्या, काट दिये दोनों हाथ, मामले में हुआ बड़ा खुलासा।

कांकेर : 15 अगस्त को परलकोट क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है, शव के गले और सर पर धारदार हथियार से कई वार किए जाते हैं, साथ ही शव के दोनों पंजे भी कटे मिलते हैं, ऐसी हालत में युवक का शव मिलता है और क्षेत्र में सनसनी का माहौल बन जाता है। इसके बाद से पखांजूर पुलिस लगातार मामले की तमाम पहलुओं पर जांच करती है और लगातार कई लोगों से पूछताछ की जाती है। पुलिस लगातार परिजनों से भी पूछताछ करती है जिसमें मृतक युवक के माता – पिता के बयान और कॉल डिटेल में मिस-मैच पाया जाता है, इसके बाद पुलिस का शक गहराता है और पुलिस माता-पिता से कड़ाई से पूछताछ करती हैं इसके बाद माता-पिता दोनों अपना जुर्म कबूल कर लेते हैं।

सामने आया ये मामला :

पखांजूर क्षेत्र में एक युवक का शव खेत में मिला था और उसके दोनों हाथ कटे हुए थे, युवक की लाश मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल था, इस प्रकार की दिल दहलाने वाली घटना से सभी स्तब्ध थे। पुलिस ने मामले की तस्दीक करने के बाद खुलासा किया कि मृतक सूखा नशा करता था और अपने पिता पर हाथ भी उठा चुका था। बेटे की करतूत से परेशान माता- पिता ने बेटे की हत्या करते हुए उसके दोनों हाथ काट दिए। गोंडाहुर थानाक्षेत्र स्थित एक खेत में पीवी 20 निवासी अभय शील के शव मिलने के उपरांत पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मृतक अभय शील के पिता पलाश शील और मां रंजीता शील ने ही एक राय होकर अपने बेटे की हत्या की है। बेटे की हत्या में दोनों माता – पिता का हाथ सामने आया है। मामले के खुलासे से लोग हैरान है।

आरोपियों के खिलाफ अब पर्याप्त साक्ष्य मिलने से उनकी गिरफ्तारी की गई है। अपना जुर्म स्वीकार करते हुए आरोपियों ने बताया कि उनके बेटे अभय को नशे की आदत थी। बेटा गांजा, सलूशन, बॉन्फिक्स आदि का नशा कर आवारागर्दी करते हुये घूमता रहता था। नशा करने के लिए लगातार चोरी कर रहा था, जिससे माता-पिता सहित परिवार की बदनामी भी हो रही थी। कई बार मोबाइल और बाइक चोरी कर घर में ले आता था, उसके इस कृत्य से माता-पिता लगातार परेशान रहते थे, उसे समझाने पर बेटा माता व पिता को गाली देते हुए मारपीट पर उतारू हो जाता था। बेटे ने पिता पर दो बार हाथ भी उठा चुका था। बेटे को सुधारने के लिए पिता ने नागपुर की एक कंपनी में 2 सप्ताह पूर्व अभय को नौकरी करने भेजा, वहां भी वो नहीं टिका और अपने पिता से पैसा मांग कर वापस पीवी 20 अपने गांव आ गया और फिर से नशा करना शुरू कर दिया, वह नशे का काफी आदि हो चूका था।

14 अगस्त को हुआ था विवाद :

सावन में महत्वपूर्ण महामृत्युंजय मन्त्र, इसकी उत्पत्ति की कथा और महत्व के साथ , पूर्ण सुनना आवश्यक है:  https://www.youtube.com/watch?v=L0RW9wbV1fA

पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि बेटा 14 अगस्त की रात में नशा करके घर आया और माता पिता से विवाद करने लगा, जिससे त्रस्त होकर माता पिता दोनों ने एक राय होकर बेटे की हत्या कर दी। हत्या में प्रयुक्त टांगिया, खंडा, पहने हुए कपड़े, चप्पल, मृतक का मोबाइल वा उसका नशीला पदार्थ, कड़ा और मृतक की जलाई हुई हड्डी के अवशेष आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर जब्त किया गया है, जिसके बाद पुलिस ने कार्यवाही कर उन्हें जेल भेज दिया है।

घटना को लेकर एएसपी पखांजुर प्रशांत शुक्ला ने बताया कि अज्ञात युवक का शव मिला था। विवेचना में पाया गया कि युवक की हत्या हुई है। शंका के आधार पर मां व पिता से पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या करने का कारण कबूल किया। उन्होंने बताया कि मृतक ने अपने पिता पर हाथ उठाया था, इसलिए हत्या के बाद बेटे के दोनों हाथ को काट दिया था। लगातार बदनामी और परेशान रहने से अंततः यह कदम उठाने को मजबूर हो गये।