बीजापुर : नक्सलियों पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है, फिर वो अपना दमखम दिखाने से बाज नहीं आ रहे है। ऐसे में छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने एक बार फिर कायराना हरकत को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने भाजपा कार्यकर्ता पूनम सत्यम की हत्या कर दी है। इस घटना की जिम्मेदारी भाकपा (माओवादी) की माड़ेड़ एरिया कमेटी ने ली है। बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र ने मामले की पुष्टि की है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
नक्सलियों के टारगेट पर था भाजपा कार्यकर्ता :
इस घटना में मिली जानकारी के मुताबिक, घटना थाना इलमिडी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुंजाल कांकेर की है। भाजपा कार्यकर्ता पूनम सत्यम काफी समय से नक्सलियों के निशाने पर था। उन्होंने कई बार चेतावनी भी दी थी। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब 4 से 5 नक्सली सादे वर्दी में पूनम के घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने पास रखे रस्सी से गला घोंटकर भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी है। वारदात के बाद नक्सलियों ने शव के पास पर्चा फेंका है। इसमें मद्देड एरिया कमेटी ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है।
बीजापुर एसपी डॉ.जितेंद्र ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि घटनास्थल के लिए बल रवाना कर दिया गया है। क्षेत्र में सर्चिंग जारी है। ऐसे में पुलिस क्या कार्यवाही करेगी अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आ पाई है।



