पटाखे से जला मासूम बच्चे का चेहरा और हाथ, पड़ोसियों ने बताया परिजनों को, ईलाज में सक्षम नहीं परिवार।

दुर्ग/भिलाई : कई बार पटाखे जलाते हुये बच्चे दुर्घटना का शिकार हो जाते है, ऐसे ही दीपावली पर्व पर दुर्ग में पटाखे से तीन साल का बच्चा बुरी तरह से झूलस गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है। पटाखे से झुलसे बच्चे को जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अभिषेक के पिता मजदूरी का काम करते हैं और आर्थिक रूप से इतना सक्षम नहीं है कि बच्चे का इलाज करा सकें। आसपास के लोगों ने आपस में कुछ राशि इकठ्ठा कर पीड़ित परिवार को सौंपा है। जिससे बच्चे का ईलाज किया जा रहा है तो वहीँ इस घटना से परिजन काफी परेशान है।

जानकारी के मुताबिक, दुर्ग के दीपक नगर में रहने वाला 3 वर्षीय अभिषेक यादव पटाखा जला रहा था, तभी अचानक पटाखे में बारूद के साथ तेज धमाका हुआ और अभिषेक यादव का चेहरा व उसका हाथ बुरी तरह झुलस गया। बच्चे के अचानक रोने की आवाज सुनकर आसपास खड़े लोग भी कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन जब अभिषेक के चेहरे में आग की लपट दिखाई दी तब पड़ोसियों ने उसके घर वालों को आवाज दी। जिसके बाद परिजनों ने बच्चे को संभाला।

पटाखे से झुलसे अभिषेक यादव को जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीँ परिवार आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है। बच्चे के पिता ने लोगों से मदद की अपील की है। आसपास के कुछ लोगों ने उनकी मदद की है, जो नाकाफी है।