रायपुर : मौसम में लगातार बदलाव जारी है, ऐसे में अब छत्तीसगढ़ में ठंड प्रचंड रूप लेने वाली है। 24 घंटे के बाद तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो जायेगा। इसको लेकर मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले तीन दिनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिर सकता है. वहीं प्रदेश के कुछ स्थानों पर शनिवार को बूंदाबांदी भी होने की संभावना है। इसके अलावा एक-दो पॉकेट में घना कोहरा छाये रहने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान सुकमा में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ऐसे में रायपुर में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
सिनोप्टिक सिस्टम :
मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आस-पास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर एक ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के रूप में है। जिसके साथ मध्य और ऊपरी ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर एक द्रोणिका है। इसका अक्ष समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर लगभग देशांतर 75°E के साथ अक्षांश 33°N के उत्तर में है। वहीँ मौसम को लेकर रायपुर में 3 जनवरी को धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। ऐसे में आम लोगों को सचेत रहने के लिये कहा गया है।



