नक्सलियों के खिलाफ मुठभेड़ में 14 नक्सली ढेर, बड़ी मात्रा में हथियार और शव बरामद, सामने आई ये जानकारी….।

सुकमा/बीजापुर : नक्सलियों का सफाया अब अंतिम चरणों में है, अब ताजा जानकारी सामने आई है कि छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शनिवार को माओवादियों के खिलाफ जवानों ने बड़ा प्रहार किया है। बीजापुर और सुकमा के इलाकों में नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हुई। सुरक्षाबलों की दोनों कार्यवाहियों में बड़ी सफलता हासिल हुई है। बीजापुर में दो नक्सलियों के शव और हथियार मुठभेड़ स्थल से बरामद किए गए हैं तो वहीं सुकमा मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर हुए हैं। यहां सुकमा और बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शनिवार सुबह मुठभेड़ हो गई। जानकारी के मुताबिक नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में कुल 14 नक्सली मारे गए हैं। अधिकारियों ने बताया है कि क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शनिवार सुबह पांच बजे से रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है।

सुकमा में मारे गये है 12 नक्सली :

पुलिस ने बताया है कि शनिवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में 14 नक्सली मारे गए है। पुलिस ने बताया कि सुकमा में 12 से अधिक नक्सली मारे गए, जबकि पड़ोसी बीजापुर जिले में तड़के दो नक्सली मारे गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुकमा जिले के दक्षिणी क्षेत्र के जंगल में गोलीबारी शुरू हो गई, जहां सुरक्षाकर्मियों का एक दल नक्सल विरोधी अभियान पर निकला हुआ था। उन्होंने कहा, “अब तक 12 से अधिक नक्सली मारे जा चुके हैं। अभियान अभी जारी है और अधिक जानकारी बाद में साझा की जायेगी।” वहीँ अब सरकार की डेडलाइन के मुताबिक बचे कुचे नक्सलियों का सफाया, 31 मार्च 2026 तक कर दिया जायेगा। जिसको लेकर अब अभियान में तेजी शुरू कर दी गई है।

बीजापुर में भी दो नक्सली ढेर :

इस मामले को लेकर एक अन्य अधिकारी ने बताया है कि बीजापुर में, जिले के दक्षिणी क्षेत्र के एक जंगल में गोलीबारी हुई, जब राज्य पुलिस की एक इकाई, जिला रिजर्व गार्ड का एक दल सुबह लगभग 5 बजे इसी तरह के अभियान पर निकला हुआ था। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि रुक-रुक कर गोलीबारी जारी थी और आगे की जानकारी की प्रतीक्षा थी। पिछले साल छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में 285 नक्सली मारे गए थे।