ऑनलाईन क्रिकेट सट्टा गिरोह का बड़ा खुलासा, ओम खेमानी और ऋषभ रंगलानी सहित चार गिरफ्त में, लाखों रूपये जब्त।

रायपुर : सटोरिये बखूबी अपने काम को अंजाम दे रहे है, लेकिन पुलिस भी इन्हें पकड़ने में कोई कमी नहीं कर रही है, इनके खिलाफ लगातार कार्यवाही कर रही है। टी-20 वर्ल्ड कप के बीच राजधानी में ऑनलाईन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का एंटी क्राइम एंड साईबर यूनिट और थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस की कार्यवाही के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 लाख रुपये नकद सहित कुल लगभग 19.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ थाना कबीर नगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और 112(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

तिरंगा चौक के पास चल रहा था ऑनलाइन सट्टा :

पुलिस को 11 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि कबीर नगर थाना क्षेत्रांतर्गत फेस-02 तिरंगा चौक के पास कुछ लोग ऑनलाईन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साईबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने तत्काल जांच और कार्यवाही के निर्देश दिए है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। छापा मारने के दौरान मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर चार व्यक्तियों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पहला आरोपी दीपक सचदेवा (30 वर्ष) पिता स्वर्गीय धर्मेन्द्र सचदेवा, निवासी एम-02/56, फेस-03, कबीर नगर तिरंगा चौक के पास, थाना कबीर नगर रायपुर, दूसरा आरोपी गौरव सचदेवा (29 वर्ष) पिता सतीश सचदेवा, निवासी कंचनजंघा कॉम्प्लेक्स, सी-ब्लॉक 106, प्रथम तल, आदर्श चौक, थाना कबीर नगर रायपुर, तीसरा आरोपी ऋषभ रंगलानी (30 वर्ष) पिता स्वर्गीय नारायण प्रकाश रंगलानी, निवासी मारुति विहार कॉलोनी, आर.के. मॉल के पास, पलाश कॉम्प्लेक्स, थाना आमानाका रायपुर; और चौथा आरोपी ओम खेमानी (30 वर्ष) पिता मुकेश खेमानी, निवासी हीरापुर रोड, थाना कबीर नगर रायपुर शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

मास्टर आईडी बनाकर कर रहे थे सट्टा संचालन :

आरोपियों के मोबाईल फोन की जांच करने पर खुलासा हुआ कि वे ramco777.com, wood777.com और powerexch.com जैसी ऑनलाईन बैटिंग वेबसाईटों पर मास्टर आईडी बनाकर कमीशन के आधार पर अन्य लोगों को आईडी उपलब्ध कराते थे। आरोपी ऑनलाईन सट्टा खेलने वालों को आईडी बेचकर अवैध लाभ कमा रहे थे। लेन-देन के लिए वे कथित “म्यूल खातों” का उपयोग कर रहे थे, जो किराये पर लिए गए थे। पुलिस अब इन खाताधारकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्यवाही की तैयारी में है। पुलिस ने सटोरियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की बात कही है।

भारी मात्रा में नकदी और उपकरण जब्त :

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 लाख रुपये नकद, 7 मोबाईल फोन, 4 बैंक पासबुक, 1 चेकबुक और 27 एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 19.70 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ओम खेमानी पूर्व में थाना आमानाका तथा दीपक सचदेवा थाना खम्हारडीह क्षेत्र में सट्टा प्रकरणों में जेल जा चुके हैं। बावजूद इसके, उन्होंने फिर से अवैध गतिविधियों में संलिप्तता दिखाई है, ये लोग लगातार इस कार्य को अंजाम दे रहे है। बीते वर्ष ओम खेमानी का एक विडियो भी तेजी से वायरल भी हुआ था, जो रेड एम्बुलेंस की लापरवाही को लेकर था।

ग्राहकों पर भी होगी कार्यवाही :

पुलिस को ऑनलाईन सट्टा खेलने वाले कई ग्राहकों की जानकारी भी मिली है। अधिकारियों का कहना है कि उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। एंटी क्राइम एंड साईबर यूनिट ने वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टे के तीन अलग-अलग मामलों में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में कुल 1.04 करोड़ रुपये से अधिक नकदी, 2 लैपटॉप, 27 मोबाइल फोन, 4 चारपहिया वाहन और अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 1.92 करोड़ रुपये बताया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदलते अपराध के तरीकों के अनुरूप रणनीति भी बदली गई है। आरोपियों की जीवनशैली और दिनचर्या पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी, जिसके परिणामस्वरूप यह कार्रवाई संभव हो सकी।