सूरत (गुजरात) : कई बार लोगों के कुछ विचित्र मामले सामने आ जाते है, जो सोच के परे होते है, आमतौर पर चोर चोरी करता है तो महंगे गहने, सोना, चांदी या नगद की चोरी करता है, लेकिन सूरत में अनोखी चोरी ने लोगों को हैरान कर दिया। एक शातिर चोर ने पूरी सोसायटी खंगाल डाली, मगर उसके निशाने पर बंगलो के बाहर रखे हुये सिर्फ ब्रांडेड जूते और चप्पल ही थे। एक ही रात में 60 बंगलो की सोसायटी में से 48 बंगलो से महंगे जूते चप्पल चोरी कर वह फरार हो गया। यह पूरी वारदात सोसायटी में लगे हुये सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह मामला सामने आने के बाद सोसायटी के लोगों में हड़कम्प मच गया।
बोरी लेकर आया था चोरी करने :
मामले के अनुसार सूरत के रांदेर स्थित जिला पंचायत सोसायटी में 9 फरवरी की देर रात करीब ढाई बजे एक अज्ञात युवक पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसा था। वहां लगे हुये सीसीटीवी कैमरे में साफ दिख रहा है कि वह अपने साथ खाली बोरी लेकर आया हुआ था। सोसायटी के लगभग 60 बंगलो के बाहर रखे जूते चप्पल चुन चुन कर बोरे में भर रहा है। पुराने और साधारण जूतों को उसने हाथ तक नहीं लगाया है। कड़ी मशक्कत से करीब एक घंटे तक सोसायटी में घूमकर उसने दो बड़े बोरे जूते और चप्पलों से भरे और फरार हो गया।
पुराने या आम जूतों को छुआ तक नहीं :
CCTV फुटेज के मुताबिक, चोर खाली बोरियां लेकर पूरी तैयारी के साथ आया था। वह चुपचाप सोसायटी में घूमता रहा और करीब 60 घरों के बाहर रखे शू रैक चेक किये। इनमें से उसने करीब 48 घरों को टारगेट किया। जो बात इस घटना को और भी अजीब बनाती है, वह यह है कि उसने ध्यान से सिर्फ ब्रांडेड, नए और महंगे जूते और चप्पलें चुनीं। पुराने या आम जूतों को छुआ तक नहीं। सिर्फ एक घंटे के अंदर उसने चोरी किए गए ब्रांडेड जूतों से दो बड़े बैग भर लिए और मौके से भाग गया।
सुबह उठने पर हुई जानकारी :
इस घटना के बाद सुबह जब लोग उठे तब उनके दरवाजे पर रखे हुये जूते चप्पल गायब देखकर सोसायटी में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पूरी घटना सामने आई। वीडियो सार्वजनिक होने पर आसपास की सोसायटी के लोग भी सावधान हो गए हैं। अनोखी चोरी की यह घटना सूरत शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। चोर आमतौर पर महंगे गहने और सामान चुराते है, लेकिन जूते चप्पल चोरी का यह अनोखा मामला पहली बार सामने आया है।



