अंबिकापुर : सरकारी अधिकारी से मारपीट करने पर गंभीर धारायें लग जाती है, लेकिन जब सरकारी अधिकारी ही गलत करे तो आम आदमी क्या करे? ऐसे में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शहर में ट्रैफिक पुलिस और एक युवक के बीच सड़क पर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि बीच सड़क पर पहले ट्रैफिक जवान ने युवक को जोर का तमाचा मारा और फिर बदले में युवक ने भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हो गई।
जानकारी के अनुसार यातायात थाने में पदस्थ जवान शाम को शहर के व्यस्ततम महामाया चौक पर ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार तीन युवक महामाया रोड से देवीगंज रोड की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर उन्हें रोका गया और स्कूटी की चाबी निकाल ली। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद विवाद बढ़ा।
वायरल वीडियो के अनुसार ट्रैफिक जवान ने पहले युवक को दो थप्पड़ मार दिए, जिसके बाद युवक ने भी पलटवार करते हुए ट्रैफिक पुलिस कर्मी को थप्पड़ जड़ दिये। वहीँ युवक द्वारा दूसरी बार हाथ उठाने पर पुलिसकर्मी ने उसे रोक लिया। इस दौरान धक्का-मुक्की में पुलिसकर्मी की टोपी और वॉकी-टॉकी भी सड़क पर गिर गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने एक-दूसरे का कॉलर पकड़ लिया। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने वॉकी-टॉकी के जरिए यातायात थाने को सूचना दी, जबकि युवक अपने मोबाईल से किसी को कॉल करता नजर आया। इस घटना का पूरा वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाईल से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वहीँ मामले के बाद ट्रैफिक जवान ने युवक पर जातिगत गाली–गलौज का आरोप लगाया है, जो कि विडियो के अनुसार गलत साबित होता है। वहीं युवक का कहना है कि मैंने घटना के दिन पुलिसकर्मी को पहली बार देखा है, मैं तो उसका नाम तक नहीं जानता हूँ। जबकि ट्रैफिक जवान ने वर्दी के ऊपर जैकेट पहन रखा था, जिस वजह से भी मैं उसका नाम नहीं देख पाया तो मैं उसे जातिगत गाली–गलौज कैसे दूंगा? इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही है, आम लोगों ने पुलिस कर्मी की गलती बताई है, उन्होंने पुलिसकर्मी द्वारा हाथ उठाने को गलत बताया है।



