तीसरी मंजिल से गिरा मरीज, हुई दर्दनाक मौत, घटना एम्स रायपुर की, जांच में जुटी पुलिस।

रायपुर : राजधानी के सबसे बड़े अस्पताल एम्स से दर्दनाक घटना सामने आई है, रायपुर में स्थित एम्स रायपुर में शुक्रवार को बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया है। जानकारी के अनुसार यहाँ अस्पताल की तीसरी मंजिल से गिरने से एक मरीज की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान करण नायक बंजारा के रूप में हुई है, जो रक्त संबंधी बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती था। यह घटना संदिग्ध परिस्थितियों में होने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक अस्पताल के बी-ब्लॉक स्थित बी4 वार्ड में भर्ती था। उपचार के दौरान वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। यह हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा अमला सक्रिय हुआ।

पुलिस ने तुरंत शुरू की जांच :

इस घटना की जानकारी मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि यह दुर्घटना थी, आत्महत्या या फिर किसी प्रकार की लापरवाही का परिणाम था, या साजिशन यह घटना हुई है। इसको लेकर अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वार्ड में मौजूद स्टाफ व मरीजों से पूछताछ की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल :

इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में सुरक्षा के समुचित इंतजाम नहीं हैं। उनका कहना है कि यहां मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चूक सामने आई है। इससे पहले भी अस्पताल में मरीजों के कीमती सामान चोरी होने की घटनायें सामने आ चुकी हैं, जबकि परिसर में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, फिर भी सी तरह की घटना से एम्स की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये है। अस्पताल प्रशासन की ओर से फिलहाल विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।