रायपुर : अचानक हल्की बूंदाबांदी और बारिश के बाद, राजधानी के मौसम में तीखा बदलाव हुआ है, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली है। यहाँ सुबह से तेज गर्मी का असर रहा है, तो वहीं दोपहर करीब 3:30 बजे तेज हवा के साथ बारिश हुई। कई क्षेत्रों में ओले भी गिरे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने आगे भी बारिश की संभावना जताई है।
वहीँ दोपहर के तापमान में वृद्धि होगी। रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। वहीं बिलासपुर में तापमान 38.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री ज्यादा है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान 36 से 40 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है।
वहीँ मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि शनिवार को रायपुर में हल्के बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है। खासकर बस्तर और सरगुजा संभाग में तेज हवा चलने के साथ बारिश हो सकती है। रविवार को मौसम में तापमान बढ़ेगा। इसके साथ ही मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है।



