रायपुर/सक्ती : सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। इस घटना में सक्ती एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने पुष्टि की है कि कुल घायल 34 में से 14 श्रमिकों की मौत हो गई है। अचानक हुए इस हादसे के बाद प्लांट परिसर में आग और धुएं का गुबार फैल गया था, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। यह विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास मौजूद श्रमिक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सभी इस घटना से काफी दहशत में आ गये।
30 से अधिक मजदूर घायल, कई की हालत गंभीर :
इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार हादसे के समय प्लांट में बड़ी संख्या में मजदूर कार्यरत थे। हादसे में करीब 30 से अधिक मजदूरों के घायल होने की सूचना है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया, जो अब भी जारी है। इस घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंच गई और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट के बाद प्लांट में भगदड़ की स्थिति बन गई थी, कई मजदूर झुलस गए, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग :
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। फिलहाल प्रशासन घायलों के बेहतर उपचार और राहत कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है। पुलिस अधीक्षक (SP) प्रफुल ठाकुर के अनुसार, बॉयलर की ट्यूब फटने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ। इस घटना में अब तक 9 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक घायल मजदूरों का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीँ इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने भी दुःख जताया है।
पावर प्लांट के प्रवक्ता द्वारा जारी आधिकारिक बयान :
14 अप्रैल 2026 की दोपहर हमारे पावर प्लांट के बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें हमारे सब-कॉन्ट्रैक्टर NGSL के कर्मचारी शामिल थे, जो इस यूनिट का संचालन और रखरखाव करते हैं। हमारी तत्काल प्राथमिकता सभी प्रभावित लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता और उपचार सुनिश्चित करना है। हम घायलों को पूर्ण सहयोग प्रदान कर रहे हैं और चिकित्सा टीमों तथा स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय में हैं। हम इस घटना के सभी विवरणों का पता लगाने की प्रक्रिया में हैं और अपने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर एक विस्तृत जांच कर रहे हैं। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और गहरी सहानुभूति प्रभावित लोगों के परिवारों के साथ हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने की आर्थिक सहायता की घोषणा :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर शोक जताया है और पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बिजली संयंत्र में हुई दुर्घटना बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता में लगा हुआ है। पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपये सहायता राशि दी जायेगी।



