प्रदेशवासियों को झुलसायेगी भीषण गर्मी, राजधानी में बरसेगी आग।

रायपुर : भीषण गर्मी से आम आदमी परेशान है, अभी नौतपा भी शुरू नहीं हुआ है, लेकिन भीषण गर्मी झुलसाने लगी है। वहीँ छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ता तापमान लोगों को खूब सता रहा है। तापमान 43 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा रहा है। एक बाद फिर शहर में 44 डिग्री सेल्सियस वाली गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। इस बीच बस्तर क्षेत्र में दक्षिण से आने वाली हवा राहत दे सकती है। बंगाल की खाड़ी वाली नमी युक्त हवा का असर दो से तीन दिन रहने के आसार हैं।

पिछले चौबीस घंटे में रायपुर में एक डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ा है। दिन चढ़ते ही शुरू हुई गर्मी दोपहर बाद जलन पैदा करने वाली स्थिति में पहुंच गई जय, इससे ग्रीष्म लहर के लौटने का अहसास हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में दो दिन बाद कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं, तो वहीं एक-दो जगहों पर गरज चमक के साथ वज्रपात और तेज हवा चल सकती है। इसके अलावा एक-दो पॉकेट में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया है कि एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण बांग्लादेश तक बिहार, झारखंड, गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है, जबकि दूसरा द्रोणिका पूर्वी विदर्भ से कोमोरिन क्षेत्र तक तेलंगाना, अंदरूनी कर्नाटक और तमिलनाडु होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक प्रति चक्रवात (एंटी साइक्लोन) महाराष्ट्र और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इन सभी के कारण प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही राजधानी रायपुर में आज ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई गई है।