आरक्षक की दूसरी पत्नी ने पहली पत्नी और बच्चों पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, दो की मौत।

दुर्ग/भिलाई : अतिरिक्त वैवाहिक प्रेम – प्रसंग के मामले लगातार खौफनाक बनते जा रहे है, जहाँ पहले युवावस्था और किशोरावस्था में प्यार होता था, वहीँ सोशल मीडिया के ज़माने में अब अधेड़ उम्र के लोगों में प्यार हो रहा है। सामने आये मामले के अनुसार दुर्ग के एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब 8 बजे एक महिला ने आरक्षक ललितेश यादव के घर घुसकर परिवारवालों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था, जिसके बाद इस हमले में आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर मौत हो गई, वहीं एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।

वहीँ इस हमले के दौरान एक बेटी ने बाथरुम में छिपकर अपनी जान बचाने में कामयाब रही। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से परिजन शोकग्रस्त है तो मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज और बीजापुर में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव के बीच संबंध थे। इसके साथ ही बताया जा रहा है कि महिला एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी, इस दौरान उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था, लेकिन महिला ने आज फिर से घर में घुसकर खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

वहीँ महिला द्वारा चाकू से किए गए हमले में आरक्षक की पत्नी रीना यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, इस हमले में गंभीर रूप से घायल आरक्षक की बेटी तानिया यादव को उपचार के लिए अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है। घटना के दौरान दूसरी बेटी नैना यादव ने बाथरूम में छिपकर किसी तरह से अपनी जान बचाई, जो अब सुरक्षित बताई जा रही है।

इस घटना के बाद पूरे कॉलोनी में सनसनी फैल गई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घटना के संबंध में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया है कि आरोपी महिला ने घर में घुसकर महिला और बच्चों पर हमला किया है, जिसमें दो की मौत हो गई और एक बच्ची का इलाज जारी है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अभी इस घटना में कोई महत्वपूर्ण खुलासा नहीं हुआ है।

फेसबुक में दोस्ती, फिर की शादी :

इस घटना को लेकर जो जानकारी सामने आ रही है, उसके अनुसार बीजापुर में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव और जांजगीर-चांपा में रहने वाली आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज के बीच फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी, जो जल्द ही प्यार में बदल गई, जिसके बाद बताया जा रहा है कि आरक्षक ने कथित तौर पर महिला से दूसरी शादी भी कर ली थी। अब पुलिस कथित दूसरी पत्नी के आरक्षक की पहली पत्नी और बच्चों पर हमले के पीछे की वजह जानने में जुटी हुई है। इस मामले में अभी कई सवाल अनसुलझे हुये है।