डोंगरगढ़ : ग्रामीण क्षेत्रों के विवाह समारोह के दौरान कई बार विवाद की घटनायें सामने आती रहती है, लेकिन सामने आया मामला काफी खौफनाक निकला है, जहाँ राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम रामाटोला में शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल बताया जा रहा है। मृतक की पहचान रामाटोला निवासी 20 वर्षीय योमिश सिन्हा के रूप में हुई है।
इस घटना में मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ग्राम सांखरा में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान मृतक युवक का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने रविवार देर रात रामाटोला में चल रहे एक अन्य शादी समारोह में योमिश सिन्हा को घेर लिया था। पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति को देखते हुए एहतियातन भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जायेगी। ऐसे में मामले दोनों वैवाहिक पक्षों के बीच काफी घिनौना माहौल खराब कर देते है।



