गरियाबंद : सस्ते नशे में गांजे की खपत काफी बड़ी है, वहीँ आपने गांजा खेतों में उगाते हुये तो देखा ही होगा, लेकिन क्या गांजा बहते हुये कभी देखा है? ऐसा ही नजारा मोहतरा से अतरमरा के बीच नहर में देखने को मिला, जहां गांजा से भरे पैकेट लोगों ने बहते हुए देखा। इस मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एक-एक कर 17 गांजा से भरे पैकेट बरामद किये है।
पुलिस को सूचना मिली कि नेशनल हाइवे 130 से 5 किमी दूरी पर स्थित पाण्डुका थाना क्षेत्र के फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर में गांजे से भरे हुये पैकेट बह रहे है। इसके बाद मौके पर पहुंची पाण्डुका पुलिस ने पैकेट को बरामद किया। पैकेट में करीबन 68 किलो से अधिक गांजा होने की संभावना जताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये है। गांजे को लेकर पुलिस ने कार्यवाही आरम्भ की।
जाहिर है कि पुलिस की पकड़ से बचने के लिए गांजा तस्कर नहर में पैकेट फेंककर गये थे। अब तस्करों तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज तलाश रही है, जिससे आरोपियों का पता चल सके। नहर में गांजा से भरे पैकेट फेंके जाने की यह संभवत: पहली घटना है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह गांजा परिवहन का नया तरीका तो नहीं, पुष्पा स्टाईल जैसा।



