बेमेतरा : अगर दस रूपये भी गम जायें तो आदमी काफी परेशान हो जाता है, वहीँ लाखों का सामान गम जाने पर कोई कितना परेशान हो सकता है, यह सोच से भी परे है, वहीँ सामने आये मामले के अनुसार बेमेतरा जिले में ईमानदारी और मानवीय संवेदनाओं की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। यहाँ स्थानीय निवासी एवं वरिष्ठ पत्रकार आनंद साहू ने लावारिस हालत में मिले लाखों रुपये के जेवर और नगदी से भरे बैग को पूरी ईमानदारी के साथ पुलिस के हवाले कर दिया है। इस घटना के बाद पूरे जिले में उनकी जमकर प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, आनंद साहू रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले हुये थे। इसी दौरान शहर के सिग्नल चौक स्थित एक दुकान के पास उन्हें काले रंग का बैग लावारिस हालत में पड़ा मिला। उनके द्वारा बैग की जांच करने पर उसमें सोने के आभूषण और करीब 40 हजार रुपये नकद मिले। जिसके बाद आनंद साहू ने बिना देर किए बैग को बेमेतरा सिटी कोतवाली थाना पहुंचाकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुये मामले की जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि यह बैग ग्राम अमोरा निवासी ज्वेलरी निर्माता विजय कुमार सोनी का था। बताया जा रहा कि वह रात में दुकान बंद कर अपने भाई के पास गए थे, तभी रास्ते में बैग गिर गया था। बैग में लगभग 20 तोला सोना और 40 हजार रुपये नगद मौजूद थे। बैग सुरक्षित मिलने के बाद ज्वेलरी व्यवसायी और उनके परिवार ने राहत की सांस ली। वहीं आनंद साहू की ईमानदारी की पूरे बेमेतरा जिले में चर्चा हो रही है। लोग इसे आज के दौर में इंसानियत और नैतिकता की मिसाल बता रहे हैं। आज जहाँ लोग चंद रुपयों के लिये अपना इमान खराब कर देते है, वहीँ यह एक ईमानदारी की बेहतरीन मिसाल है।



