शर्मसार हुई वर्दी : NDPS केस में रिश्वत मांगने पर SSP ने दो सब इंस्पेक्टरों तुलसीराम साहू और देवलाल साहू को किया निलम्बित।

दुर्ग//भिलाई : जिले में रिश्वत मांगने के आरोप में दो पुलिस अधिकारियों पर बड़ी कार्यवाही की गई है। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में आरोपी पक्ष से कथित रूप से पैसों की मांग करने के आरोप में दो सब इंस्पेक्टरों को निलंबित कर दिया है। निलंबित अधिकारियों में पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ एसआई तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाना में पदस्थ एसआई देव लाल साहू शामिल हैं, इन दोनों पर निलम्बन की गाज गिरी है। अब दोनों को निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच किया गया है। मामले के अनुसार पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर तुलसीराम साहू ने एक महिला को ड्रग्स केस में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि छोड़ने के लिए बेटी से 50 हजार की मांग की गई थी।

वहीँ इस मामले में घूस मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद SSP ने तुलसीराम साहू और साथ देने वाले खुर्सीपार में पदस्थ देव लाल साहू को निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच किया गया है। बेटी का आरोप है कि साईबर क्राइम वालों ने भी उससे 2 लाख मांगे थे। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें तीन दिनों के भीतर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं।

महिला को छोड़ने के बदले मांगे थे 50 हजार रुपये :

जानकारी के अनुसार पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एसआई तुलसीराम साहू ने रज्जी कौर नामक महिला को 5.80 ग्राम चिट्टा (मादक पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया था। आरोप है कि महिला को छोड़ने के एवज में उसकी बेटी से 50 हजार रुपए की मांग की गई थी। इसको लेकर महिला की बेटी जसबीर का आरोप है कि उसने पहली बार में 20 हजार रुपये देने की बात स्वीकार की थी और राशि भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद भी परेशान करते हुये पैसों की मांग जारी रही। इसी दौरान हुई बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड हो गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

ऑडियो वायरल होने के बाद हुई कार्यवाही :

ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है, इस मामले ने वर्दी को शर्मसार कर दिया है और पुलिस विभाग पर सवालिया निशान खड़े कर दिये है। प्रारंभिक जांच में ऑडियो को गंभीर मानते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल ने तत्काल कार्यवाही करते हुए एसआई तुलसीराम साहू और उनके सहयोगी बताये जा रहे खुर्सीपार थाना में पदस्थ एसआई देव लाल साहू को निलंबित कर दिया गया है।

दुर्ग शहर एएसपी सुखनंद राठौर ने बताया कि पुरानी भिलाई थाना में दर्ज एनडीपीएस प्रकरण से जुड़े मामले में आरोपी पक्ष से कथित रूप से पैसों की मांग का ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। शुरुआती जांच में वायरल ऑडियो के आधार पर दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की गई है। विभागीय नियमों के विपरीत आचरण पाए जाने पर निलंबन की कार्यवाही की गई है। ऐसे में जो आवश्यक कार्यवाही होगी वो की जायेगी।

साईबर क्राइम कर्मियों पर भी लगाए आरोप :

आरोपी महिला की बेटी जसबीर ने यह भी आरोप लगाया है कि साईबर क्राइम से जुड़े कुछ लोगों ने भी उससे 2 लाख रुपए की मांग की थी। उसने दावा किया कि एसआई के साथ हुई बातचीत की पूरी रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है। जिसको लेकर जसबीर ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि जब्ती, गिरफ्तारी और पूछताछ से जुड़े सभी स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाये। उसका आरोप है कि बरामद किए गए चिट्टे की मात्रा वास्तविक मात्रा से अधिक दर्शाई गई है, जो कि गलत है।

इसके साथ ही इस मामले को लेकर दुर्ग पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। छावनी नगर पुलिस अधीक्षक प्रशांत पैकरा को तीन दिनों के भीतर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय और कानूनी कार्यवाही की जायेगी। इसके साथ आपको ये भी बता दें कि महिला ने यह भी दावा किया कि जिस मोबाइल फोन के आधार पर उसे बुलाया गया था, उससे संबंधित कागजात और अन्य जानकारी उसके पास मौजूद है।