रायपुर : निगम की बुलडोजर कार्यवाही लगातार जारी है, इसी को लेकर नगर पालिका निगम रायपुर ने बिना अनुमति बनाये गये व्यावसायिक भवन पर सख्त कार्यवाही करते हुए बुलडोजर चला दिया है, जानकारी के अनुसार जोन-5 के कुशालपुर रिंग रोड नंबर-1 में लगभग 1500 वर्गफुट भूमि पर जी+1 मंजिला अवैध व्यावसायिक भवन को जेसीबी मशीन से तोड़कर जमीदोज करने की कार्यवाही की गई है।
सामने आई जानकारी के अनुसार नगर पालिका निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-5, नगर निवेश विभाग की टीम ने यह कार्यवाही की. संबंधित निर्माणकर्ता सुनील खंडेलवाल को पहले नोटिस जारी किया गया था, उसने इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर निर्माण जारी रखा जिसको लेकर नगर निगम ने संयुक्त कार्यवाही की है।
इस कार्यवाही के दौरान जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह, उप-अभियंता नगर निवेश टिकेन्द्र चंद्राकर सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मौजूद रही। पुलिस बल की पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी, जिसके बाद उक्त निर्माण को ढहाया गया है।



