धमतरी : कई बार अचानक कुछ घटनाएँ सामने आ जाती है जो सोचने के लिये मजबूर करती है, ऐसे ही जिले में शुक्रवार शाम एक दुखद घटना घटी है। जहाँ बैलाडीला से रायपुर आ रही कांकेर रोडवेज की बस में सफर कर रहे एक युवक की बस में ही अचानक तबीयत बिगड़ी और अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई, जिसके बाद सहयात्री घबरा गये और बस रोककर युवक को अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, बताया गया है कि यात्रा के दौरान युवक को अचानक तेज झटके आने लगे और उसकी नाक से खून बहने लगा। कुछ ही देर में उसकी हालत गंभीर हो गई और वह अचेत हो गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ते देख बस चालक ने अर्जुनी के पास बस रोक दी। इसके बाद तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद साथी व्यक्ति हो गया फरार :
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक के साथ एक अन्य व्यक्ति भी बस में यात्रा कर रहा था, लेकिन घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया था। उसके गायब होने से मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उक्त युवक को लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। घटना को लेकर पुलिस ने कहा है कि फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और मृतक की शिनाख्त के साथ ही उसके साथ यात्रा कर रहे फरार व्यक्ति की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



