रायपुर : बैंक में कई बार धोखाधड़ी के मामले सामने आते रहते है, ऐसे ही एक मामला सामने आया है, जहाँ देवेंद्र नगर एक्सिस बैंक के मैनेजर ने अपने ही बैंक के उपप्रबंधक के खिलाफ 15 लाख रुपये अमानत में खयानत करने की गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में बैंक प्रबंधक ने आरोप लगाया है कि बैंक के उपप्रबंधक ने ग्राहक के बैंक अकाउंट में दर्ज मोबाईल नंबर को जान बूझकर छल पूर्वक बदलकर अकाउंट के एफडी में जमा 14.40 लाख रुपए तथा 49 लाख से ज्यादा की राशि किसी दूसरे के अकाउंट में ट्रांसफर करके पैसे हड़पे है, जिससे उसने अमानत में खयानत की है।
इस मामले में प्रबंधक रितेंद्र रामटेके ने उपप्रबंधक कुलदीप सिंह और योगेश येडे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें बैंक प्रबंधक ने पुलिस को बताया है कि उपप्रबंधक कुलदीप ने सुषमा कुमार के बैंक खाता में दर्ज मोबाईल नंबर को एक फर्जी ग्राहक प्रार्थना पत्र भरकर मोबाईल नंबर बदल दिया था। इसके बाद उसने बैंक के मोबाईल एप एक्सिस मोबाईल एप के जरिये सुषमा कुमार के एक्सिस बैंक के खाता से उनके द्वारा फिक्स डिपॉजिट की गई राशि को इंडियन सेल्स प्रोपराइटर योगेश येडे के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया था। वहीँ उसने एफडी तथा रकम ट्रांसफर करने के बाद उस राशि को चेक तथा एटीएम के माध्यम से आहरण कर ठगी की है।
एक माह पूर्व की घटना :
इस मामले में बैंक ग्राहक सुषमा कुमार को अपने बैंक के एफडी और अकाउंट में जमा राशि किसी दूसरे के अकाउंट में ट्रांसफर होने की जानकारी सात जुलाई को मिली। इसके बाद बैंक के ग्राहक ने इसकी शिकायत बैंक प्रबंधक के पास की। बैंक प्रबंधन ने अपने स्तर पर जांच की। जांच में योगेस येडे के इंडियन सेल्स के अकाउंट में ट्रांसफर होना पाया गया। उक्त इंडियन सेल्स के प्रोप्राईटर गुढ़ियारी का होना पाया गया। योगेश का मूल पता मध्यप्रदेश, जबलपुर है। विस्तृत जांच के बाद बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह की संलिप्तता सामने आने पर बैंक प्रबंधक ने अपने उपप्रबंधक तथा योगेश के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस तरह आरोपी कुलदीप ने घटना को अंजाम देकर 15 लाख रुपयों की ठगी की है।



