कवर्धा : कवर्धा में आये दिन सांप्रदायिक माहौल खराब होने के मामले सामने आते रहते है, ऐसे में पुलिस भी एहतियात बरतती है, तो दूसरी तरफ बदमाश दहशत फैलाने से बाज नहीं आते, ऐसे ही शहर के झंडा चौक पर सरेराह तलवार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने और गाली-गलौज करने वाले एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अनिस खान (20 वर्ष), पिता शुभराती खान, निवासी वार्ड नंबर 2 रामनगर, कवर्धा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से धारदार लोहे की तलवार बरामद कर जब्त कर ली है।
सरेराह तलवार लहराकर दे रहा था धमकियां :
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झंडा चौक के पास एक युवक हाथ में नंगी तलवार लिए लोगों को भयभीत कर रहा है। वह आने-जाने वाले नागरिकों के साथ अभद्रता व गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को तलवार सहित हिरासत में ले लिया।
लाईसेंस दिखाने से इंकार, तलवार सीलबंद :
पूछताछ के दौरान आरोपी से तलवार रखने का वैध लाइसेंस अथवा अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन उसने कोई भी दस्तावेज दिखाने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए धारदार लोहे की तलवार को मौके पर ही जब्त कर विधिवत सीलबंद किया।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही, न्यायालय से जेल दाखिल :
सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 411/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कानूनी कार्यवाही की। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल कबीरधाम भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के दम पर भय फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध ऐसी सख्त कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।



