फैमिली ढाबे में शराब परोसने का आरोप: पालिका अध्यक्ष व पार्षदों ने किया औचक निरीक्षण, ढाबा सील करने की मांग।

आरंग : नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद क्षेत्र स्थित एक फैमिली ढाबे में कथित रूप से खुलेआम शराब बिक्री और शराब परोसे जाने की शिकायत को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी एवं पार्षदों ने 27 सितंबर 2026 को औचक निरीक्षण किया।

जनप्रतिनिधियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान ढाबा परिसर में शराब की बोतलें और गिलास दिखाई दिए तथा कुछ लोग शराब का सेवन करते नजर आए। इस दौरान महिला कर्मचारी द्वारा ग्राहकों को शराब परोसे जाने की बात भी सामने आने का दावा किया गया। जनप्रतिनिधियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

अनुमति पर उठे सवाल :

निरीक्षण के बाद जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाया कि यदि फैमिली ढाबे की आड़ में शराब की बिक्री या परोसने की गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो इसकी अनुमति किस स्तर से दी गई है। उन्होंने आबकारी विभाग तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से मामले की तत्काल जांच की मांग की है।

लाइसेंस की जांच की मांग :

जनप्रतिनिधियों ने ढाबे के शराब बिक्री अथवा शराब परोसने संबंधी लाइसेंस, खाद्य लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक अनुमतियों की सघन जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए।

नियमों के तहत संचालन की मांग :

नगर पालिका अध्यक्ष एवं पार्षदों ने कहा कि नगर क्षेत्र में संचालित व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को निर्धारित नियमों और लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप ही संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों से मौके की जांच कर वास्तविक स्थिति तत्काल स्पष्ट करने की मांग की है।

ढाबे को सील करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी :

साथ ही जनप्रतिनिधियों ने संबंधित फैमिली ढाबे को अविलंब सील करने की मांग उठाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस शिकायत पर प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई, तो नगरवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जायेगी।