सूरजपुर : जिले में गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाले गंभीर मामले में शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की है। अपनी ही शाला की 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोपी शिक्षक मधुसूदन गुप्ता को विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
डीईओ ने जारी किया निलंबन आदेश :
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आरोपी शिक्षक का यह कृत्य शिक्षकीय गरिमा के सर्वथा विपरीत है और इससे समूचे शिक्षा विभाग की छवि धूमिल हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है।
अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का आरोप :
आरोप के अनुसार, शिक्षक ने अपनी ही संस्था में अध्ययनरत 11वीं की नाबालिग छात्रा को हवस का शिकार बनाया। इसके बाद उसने छात्रा का अश्लील वीडियो तैयार कर लिया और उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार शोषण करता रहा। पीड़िता ने जब परिजनों को आपबीती बताई और शिकायत दर्ज कराई, तब जाकर इस पूरे सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ।
भटगांव पुलिस ने भेजा जेल :
परिजनों की तहरीर पर भटगांव थाना क्षेत्र की पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए करीब 7 दिन पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। वर्तमान में आरोपी शिक्षक न्यायिक रिमांड पर जेल में निरुद्ध है। पुलिस द्वारा सलाखों के पीछे भेजे जाने के बाद अब शिक्षा विभाग ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए विभागीय कार्यवाही पूरी कर दी है।



